भास्कर न्यूज | देवकर नगर नवयुवक मंडल जैन संगठन द्वारा मंगलवार को महावीर जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई जाएगी। आयोजन के तहत भगवान महावीर के जियो और जीने दो व अहिंसा परमो धर्म के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह गांधी चौक स्थित ओसवाल भवन से बग्गी और डीजे साउंड के साथ प्रभात फेरी निकाली जाएगी। यह फेरी नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरे क्षेत्र का भ्रमण कर पुनः गांधी चौक में समाप्त होगी। महावीर जयंती पर दोपहर 12:30 बजे गौतम प्रसादी का आयोजन किया गया है। इसके बाद दोपहर 2 बजे से भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान महावीर के जीवन पर आधारित प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी। इसमें छोटे बच्चों एवं महिला मंडल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिससे धार्मिक और नैतिक संदेशों का प्रसार होगा। मांस बिक्री पर रोक की मांगकी गई, सौंपा ज्ञापन महावीर जयंती को ध्यान में रखते हुए नवयुवक मंडल जैन संगठन ने नगर में मांस बिक्री पर रोक लगाने की मांग की है। इसके लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं तहसीलदार देवकर को ज्ञापन भी सौंपा गया है। इस अवसर पर जैन समाज के लोगों के लिए सूर्यास्त पूर्व भोजन की व्यवस्था भी की गई है, जिससे परंपराओं का पालन किया जा सके।
<
