प्रेमिका को परेशान करने से रोकने पर युवक ने की प्रेमिका की मां की हत्या, झारखंड से गिरफ्तार
जशपुर जिले के आस्ता थाना क्षेत्र के हर्री गांव में एक युवक ने अपनी प्रेमिका की मां की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपित को पुलिस ने पड़ोसी राज्य झारखंड के रायडीह से गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि 4 सितंबर को मृतका धनमनी बाई (55 वर्ष) के पति ने आस्ता थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि वह 3 सितंबर की दोपहर साढ़े 11 बजे खाना खाकर पालतू मवेशियों को चराने के लिए जंगल की ओर चला गया था। शाम को जब वह घर लौटा तो उसकी पत्नी धनमनी घर के अंदर जमीन पर गिरी हुई थी और उसके सिर से खून निकल रहा था।
घटनास्थल के पास ही खून से सना हुआ एक कुल्हाड़ी पड़ा हुआ था। सूचना पर मौके पर पहुंची आस्ता पुलिस की टीम ने शव को जब्त करते हुए पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया। मामले में अज्ञात आरोपित के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103 (1) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की जांच शुरू की गई।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित अवधेश राम उर्फ गुटका (30 वर्ष) मृतका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था। वह आए दिन मोबाइल पर कॉल करके और मैसेज भेजकर उसे परेशान करता रहता था। मृतका की बेटी ने इसकी शिकायत अपने स्वजनों से की थी।
संदेह के आधार पर जब आस्ता पुलिस पूछताछ के लिए संदेही अवधेश उर्फ गुटका के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोमड़ों स्थित घर पहुंची तो वह नदारत था। पुलिस की टीम संदेही की पतासाजी में जुटी हुई थी। मुखबिर और टेक्निकल टीम के सहयोग से पुलिस को पता चला कि संदेही झारखंड के गुमला जिले के रायडीह में अपने रिश्तेदार के घर छिपा हुआ है।
पुलिस टीम ने छापा मारकर संदेही को जशपुर ले आई। यहां पूछताछ में आरोपित ने बताया कि घटना दिनांक से काफी दिन पहले से वह मृतका धनमनी बाई की बेटी से मोबाइल में संपर्क करने का प्रयास कर रहा था। लेकिन वह कॉल रिसीव नहीं कर रही थी, जिससे वह परेशान था।
आरोपित ने बताया कि 3 सितंबर को वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए उसके घर पहुंचा। इस समय धनमनी घर में अकेली थी। अवधेश को देखकर धनमनी ने उसे बेटी को परेशान न करने की हिदायत दी। इससे दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपित ने घर में रखे हुए टांगी से मृतका पर वार कर उसकी हत्या कर दी और फरार हो गया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।




