![]()
बलरामपुर में एसडीएम और उनके गुंडों की पिटाई से ग्रामीण की मौत मामले में पुलिस आरोपी करूण डहरिया को लेकर हंसपुर पहुंची। ग्रामीणों ने पुलिस गाड़ी को घेर लिया और हत्यारे को फांसी दो के नारे लगाए। पुलिस ने पूछताछ और जांच के लिए करूण डहरिया को 3 दिन की रिमांड पर लिया था। बलरामपुर जिले के हंसपुर में दो महीने पहले तत्कालीन एसडीएम करूण डहरिया और उनके गुर्गों की पिटाई में एक ग्रामीण की मौत हो गई थी। दो लोग घायल हो गए थे। मामले में करूण डहरिया समेत 4 आरोपियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। राज्य सरकार ने एसडीएम को सस्पेंड भी कर दिया था। करूण डहरिया को सेंट्रल जेल अंबिकापुर में निरूद्ध किया गया है। रिमांड पर लेकर पुलिस पहुंची हंसपुर इस मामले में कोरंधा थाने में तत्कालीन एसडीएम करूण डहरिया समेत सभी आरोपियों के खिलाफ कोरंधा थाने में एफआईआर दर्ज है। मामले में पूछताछ और जांच के लिए बलरामपुर पुलिस ने न्यायालय से करूण डहरिया को तीन दिनों की रिमांड पर 30 मार्च को लिया था। जांच अधिकारी कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम, कोरंधा थाना प्रभारी विमलेश सिंह सहित पुलिस टीम करूण डहरिया को लेकर घटना स्थल हंसपुर पहुंची। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस गाड़ी को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने एसडीएम को फांसी दो के नारे लगाए। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी कि, पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ग्रामीण जांच में सहयोग करें। करीब एक घंटे के हंगामे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस गाड़ी को रास्ता दिया। बलरामपुर पुलिस ने बताया कि पुलिस को तीन दिनों की रिमांड जांच के लिए मिली थी। यह रिमांड अवधि आज 01 अप्रैल को समाप्त हो गई है। करूण डहरिया को आज शाम वापस सेंट्रल जेल भेज दिया गया है। जानिए क्या था मामला बलरामपुर के हंसपुर में झारखंड के तस्कर बॉक्साइट का अवैध उत्खनन कर रहे थे। जिसका ग्रामीणों ने विरोध जता रहे थे। ग्रामीणों ने बॉक्साइट से भरी एक ट्रक को 14 फरवरी की रात रोक दिया था। इसकी सूचना मिलने पर देर रात तत्कालीन कुसमी एसडीएम अपने गुर्गों के साथ हंसपुर पहुंचे थे। बॉक्साइट के अवैध उत्खनन रोकने के विवाद पर एसडीएम और उनके गुर्गों ने 3 ग्रामीणों की बेदम पिटाई कर दी थी। इसके बाद तीनों को गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में एक ग्रामीण राम नरेश राम (60) की मौत हो गई। घायलों में अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) का इलाज किया गया। इस मामले में करूण डहरिया समेत 4 आरोपी जेल में बंद हैं। पुलिस चार्जशीट पेश करने से पहले घटना स्थल पर मुख्य आरोपी को लेकर पहुंची थी। उससे पूछताछ कर बयान भी दर्ज किया गया है।
<
