राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र में देर रात सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है।
.
फाफाडीह स्थित शराब भट्टी के पास एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान अमर लोहार (29) के रूप में हुई है। अज्ञात बदमाश वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

मृतक अमर लोहार।
गश्त के दौरान पुलिस को मिली लाश
जानकारी के अनुसार, आधी रात पुलिस टीम इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान शराब भट्टी के पास सड़क किनारे एक युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। पुलिस ने तत्काल उसे मेकाहारा (डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
शरीर पर मिले चाकू के कई निशान
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अमर लोहार के गाल, पेट, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू के गहरे घाव हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ वार किए। पुलिस को मामला आपसी विवाद या पुरानी रंजिश से जुड़ा होने की संभावना भी लग रही है।

देवेंद्र नगर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी।
CCTV खंगाल रही पुलिस, फोरेंसिक टीम सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है। उन्होंने हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में देवेंद्र नगर और एसीसीयू की टीम जुटी हुई है।
<
