कोरबा जिले की कुसमुंडा कोयला खदान में एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिला है। मृतक की पहचान 36 वर्षीय टेकराम उर्फ लखेश्वर सतनामी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, टेकराम की मौत केबल चोरी के दौरान बिजली की चपेट में आने से हुई है।
.
मृतक के पिता दुजाराम कुर्रे ने बताया कि बाबूलाल नामक व्यक्ति उनके बेटे लखेश्वर को पिछले शनिवार को पिकनिक के बहाने घर से ले गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। पुलिस द्वारा सूचना मिलने पर अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने अपने बेटे का शव देखा।



दुजाराम कुर्रे ने बेटे की मौत में साजिश का लगाया आरोप
दुजाराम कुर्रे का आरोप है कि उसके साथियों ने लखेश्वर को केबल चोरी के लिए उकसाया और उसे केबल पर धकेल दिया। उन्होंने आशंका जताई है कि उनके बेटे के साथ कोई साजिश हुई है। मृतक के छोटे भाई रामेश्वर कुर्रे ने भी घटना की गहन जांच की मांग की है।
पिता दुजाराम कुर्रे के अनुसार, टेकराम उर्फ लखेश्वर की मोटरसाइकिल लापता है और उसकी टीवी बाबूलाल के पास रखी हुई है। दुजाराम कुर्रे मानिकपुर के डिपरापारा में रहते हैं, जबकि लखेश्वर अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ राताखार डैम के पास किराए के मकान में रहता था।
इस मामले में कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि कुसमुंडा खदान में केबल चोरी करने गए टेकराम की मौत बिजली की चपेट में आने से हुई है। पुलिस ने मामले में चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी मिली है कि लगभग 10 लोग खदान में चोरी करने गए थे। पुलिस अधिकारी ने यह भी बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।
<
