कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक स्थित ग्राम आंवरी के प्रगतिशील छत्तीसगढ़ सतनामी समाज ने 30 नवंबर को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन सर्व समाज द्वारा पूर्व में दिए गए एक आवेदन के विरोध में है, जिसमें सतनामी समाज की महिलाओं पर गंभीर आरोप लगाए गए थे।
.
ग्राम आंवरी के सर्व समाज और जागृति युवा मंडल के अध्यक्ष व सचिव ने अपने पूर्व के आवेदन में सतनामी समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने और समाज की महिलाओं पर शराब बनाकर बेचने, अश्लीलता व फूहड़ता प्रदर्शित करने का आरोप लगाया था।

सर्व समाज के आरोपों को निराधार बताया
सतनामी समाज के जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर केसरी, अध्यक्ष सुंदरराम दहाड़े और कन्हैया लाल सहित अन्य पदाधिकारियों ने इस विरोध में अनुविभागीय अधिकारी चारामा, तहसीलदार, थाना और ग्राम पंचायत आंवरी के सरपंच को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने सर्व समाज के आरोपों को निराधार बताया।
जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर केसरी ने बताया कि सर्व समाज ने सतनामी समाज की महिलाओं पर शराब बनाने और अश्लीलता-फूहड़ता प्रदर्शित करने का आरोप लगाते हुए थाना चारामा, एसडीएम, तहसीलदार और SP के नाम से लिखित आवेदन दिया था। सतनामी समाज इन आरोपों का पुरजोर विरोध कर रहा है।
करुणा सोनवानी ने बताया कि महिलाओं के लिए अश्लील शब्दों का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि समाज की महिलाओं को सम्मान मिलना चाहिए और उन्हें न्याय की उम्मीद है।
<
