कोंडागांव| जमीन की गाइड लाइन दरों में भारी बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने के बाद जिला कांग्रेस ने सोमवार को केंद्र सरकार और ईडी की कार्रवाई के खिलाफ बड़ा विरोध प्रदर्शन किया।
.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज की गई एफआईआर को राजनीतिक प्रतिशोध बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। कांग्रेसजनों का कहना है कि केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज दबाने में लगी है। जिला कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विपक्ष के शीर्ष नेताओं को लगातार सरकारी एजेंसियों के माध्यम से डराने और उत्पीड़न का प्रयास किया जा रहा है। ईडी द्वारा सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर पूरी तरह राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष झूमुक दीवान ने कहा भाजपा के नेताओं पर कई भ्रष्टाचार के आरोप हैं उन पर केंद्र की सरकार मूक दर्शक बनकर बैठी है। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, पदाधिकारी, युवा कांग्रेस तथा महिला कांग्रेस के सदस्य उपस्थित रहे। नारों, पोस्टरों और पुतला दहन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ कड़ा विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि राजनीतिक प्रतिशोध बंद नहीं हुआ तो यह आंदोलन और तेज किया जाएगा।
<
