![]()
.
तेजी से गिरते भूजल स्तर को रोकने और जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से मिशन जल रक्षा के तहत एनटीपीसी सीपत के प्रभावित ग्राम कर्रा में गुरुवार को विशाल जनजागरूकता महाअभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल और एनटीपीसी सीपत के मुख्य महाप्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और छत्तीसगढ़ राजगीत के साथ हुआ। एनटीपीसी मंडल उपाध्यक्ष अभिलेश यादव ने कहा कि कर्रा गांव ने महिला सशक्तिकरण और सामूहिक कृषि निर्णयों में उत्कृष्टता दिखाई है। किसानों ने रबी सीजन में धान की जगह दलहन-तिलहन की खेती अपनाकर जल संरक्षण में ऐतिहासिक योगदान दिया। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने ग्रामवासियों की परिपक्वता की सराहना की और कहा कि बरसाती पानी का संरक्षण जरूरी है। जिला पंचायत सीईओ अग्रवाल ने कहा कि कर्रा गांव लगातार निर्विरोध चुनाव कर आदर्श ग्राम साबित हुआ है।
महिला सशक्तिकरण और प्लास्टिक मुक्त पहल इस गांव की विशेष पहचान हैं। एनटीपीसी कार्यकारी निदेशक स्वपन मंडल ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर दिया और सभी से पानी बचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष मस्तूरी सरस्वती बिंझवार, जिला पंचायत सभापति अरुणा चन्द्रप्रकाश सूर्या, जिला पंचायत सदस्य राजेन्द्र धीवर, भाजपा जिला प्रवक्ता प्रणव शर्मा और अन्य लोग उपस्थित थे। 78 वर्षीय दादूराम साहू को हेलमेट पहनने और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए कलेक्टर ने मंच पर बुलाकर सम्मानित किया। दादूराम ने कहा कि हेलमेट जीवन बचाता है, चाहे साइकिल हो या बाइक।
<
