गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दो नई पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया गया है। कोड़गार और सिवनी में स्थापित इन चौकियों का शुभारंभ जिले के प्रभारी मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया।
.
कोड़गार चौकी को पेंड्रा थाना से लगभग 20 किलोमीटर दूर स्थापित किया गया है, जबकि सिवनी चौकी मरवाही थाना से 10 किलोमीटर की दूरी पर खोली गई है।
इन दूरस्थ क्षेत्रों के निवासी लंबे समय से पुलिस चौकी की मांग कर रहे थे। पहले, पुलिस से संबंधित कार्यों के लिए स्थानीय लोगों को 40 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ता था, जिससे उन्हें काफी असुविधा होती थी।

कोड़गार और सिवनी चौकियों में स्टाफ की तैनाती
ये चौकियां कई सालों से प्रस्तावित थीं, लेकिन भवन और उपयुक्त जगह न मिल पाने के कारण इनका संचालन शुरू नहीं हो पाया था। जिला प्रशासन के सहयोग से भवन उपलब्ध होने के बाद इनका शुभारंभ किया गया। कोड़गार चौकी में प्रभारी अनुज डहरिया सहित कुल 5 स्टाफ और सिवनी चौकी में प्रभारी नवीन मिश्रा समेत 5 स्टाफ तैनात किए गए हैं।

प्रभारी मंत्री ने किया चौकियों का उद्घाटन
चौकियों का उद्घाटन जिले के प्रभारी मंत्री और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने रोजनामचा डायरी में जानकारी लिखकर किया। इस अवसर पर जिले के जनप्रतिनिधि, संपूर्ण जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। इन नई चौकियों के खुलने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। वे अब अपने इलाकों में बेहतर सुरक्षा और कानून व्यवस्था महसूस कर रहे हैं।

<
