बलरामपुर-रामानुजगंज जनपद पंचायत बलरामपुर के सभा कक्ष में सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गई। इसमें सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने की।
.
बैठक के प्रारंभ में सांसद ने जनपद सभा कक्ष में लगाए गए कैमरा और साउंड सिस्टम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे जनपद पंचायत की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और अन्य जनपदों को भी सकारात्मक संदेश मिलेगा।इसके बाद सांसद ने बारी-बारी से सभी विभाग प्रमुखों से विभागीय योजनाओं की जानकारी ली और उनकी समीक्षा की।

बैठक में समीक्षा और विकास से जुड़े प्रस्ताव
समीक्षा के दौरान उन्होंने आवश्यकतानुसार कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने जनपद सदस्यों से उनके क्षेत्रों की समस्याओं पर भी चर्चा की। बैठक में जनपद सदस्य अर्पणा भानु प्रकाश दीक्षित ने तीन प्रमुख प्रस्ताव रखे। इनमें जनपद पंचायत बलरामपुर को आदर्श जनपद के रूप में विकसित करना, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस से पूर्व जनपद स्तरीय महिला खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित करना और ग्राम पंचायतों की मुख्य सड़कों व गली-चौराहों को अवैध अतिक्रमण से मुक्त करना शामिल था।

प्रस्तावों को मिली सराहना, सर्वसम्मति से पारित
सांसद ने इन प्रस्तावों की प्रशंसा करते हुए उन्हें स्वागत योग्य बताया। उन्होंने कहा कि महिला खेलकूद प्रतियोगिताओं से महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा और अतिक्रमण हटाने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी। विचार-विमर्श के बाद समस्त जनपद सदस्यों की सर्वसम्मति से ये प्रस्ताव पारित किए गए। सांसद ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी दीपराज कांत की कार्यशैली की सराहना की।

<
