.
कोरिया और एमसीबी जिले में इन दिनों कड़ाके की ठंड का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। ठंड के कारण मानो आसमान की बजाय धरती पर ही बादलों ने डेरा डाल लिया हो।
सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा और बादलों की चादर छाई रहती है। इस दृश्य को देखने और अपने मोबाइल कैमरे में कैद करने के लिए लोग तड़के ही घरों से निकल पड़ते हैं। यह नजारा जहां लोगों को आकर्षित कर रहा है। हालांकि, बढ़ती ठंड बच्चों और बुजुर्गों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है।
जिले में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच बना हुआ है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। तापमान में इस गिरावट के कारण लोगों को पूरे दिन ठंड का एहसास हो रहा है। रविवार की सुबह न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। कड़ाके की ठंड का असर जनजीवन के साथ-साथ बाजारों पर भी साफ नजर आ रहा है। सुबह और शाम के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहता है और भीड़ काफी कम दिखाई देती है।
लोग सूर्य की तेज धूप निकलने का इंतजार करते हैं, ताकि ठंड से कुछ राहत मिल सके। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह ठंडा बने रहने की संभावना है।
<
