![]()
.
अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर समाज कल्याण विभाग रायगढ़ द्वारा दिव्यांगजनों की प्रतिभा को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के लिए दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना था।
2 दिसंबर को डिग्री कॉलेज के लाल मैदान में सुबह 9 बजे से दिव्यांग छात्र-छात्राओं की विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। इसमें रायगढ़ जिले के उन्नायक सेवा समिति एडल्ट्स उम्मीद घरौंदा कौहाकुण्डा, उम्मीद विशेष विद्यालय कौहाकुण्डा, नंदा सरकुलेशन संस्थान अंध-मूक एवं श्रवण बाधितार्थ बड़गांव, जय बुढ़ी माई समाजसेवी संस्था कोसमनारा सहित सातों विकासखंडों के समग्र शिक्षा के दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे ने हरी झंडी दिखाकर किया। खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
3 दिसंबर को पॉलिटेक्निक ऑडिटोरियम रायगढ़ में दिव्यांग छात्र-छात्राओं ने गीत-संगीत, एकांकी नाटक, नृत्य, गायन और वादन की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू और सीईओ जिला पंचायत अभिजीत बबन पठारे सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजन के सफल संचालन में समाज कल्याण विभाग के उप संचालक शिवशंकर पाण्डेय, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी महेश पटेल, कार्यक्रम नोडल अधिकारी सुशील सिंह, सहायक नोडल अधिकारी उग्रसेन पटेल और नवरतन सिंह बिंझवार का विशेष योगदान रहा। पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्राचार्य और प्रबंधन समिति ने आयोजन में महत्वपूर्ण सहयोग दिया।
<
