![]()
छत्तीसगढ़ के धमतरी में सिंधी समाज की ओर से आयोजित सिंधी प्रीमियर लीग (SPL) सीजन-3 का समापन हो गया है। इस बार सुपर जॉइंट्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। युवाओं की छिपी प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से शहर के मिशन ग्राउंड में इस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। फाइनल मैच देर रात तक चला, जिसके बाद टूर्नामेंट का समापन हुआ। इस साल सीजन-3 में समाज के 120 सदस्यों ने भाग लिया, जिन्हें 10 टीमों में विभाजित किया गया था। विजेता टीम को प्रोत्साहन स्वरूप इनाम और ट्रॉफी प्रदान की गई। फाइनल मैच देखने शहर के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। खिलाड़ी पंकज वाधवानी ने बताया कि खेल में हार-जीत लगी रहती है, लेकिन मुख्य बात खेल का आनंद लेना है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन सालों से हो रहे इस आयोजन में दिन-ब-दिन सुधार हो रहा है और भविष्य में और भी बेहतर बदलावों की उम्मीद है। यह आयोजन समाज के लिए बहुत अच्छा है, जो लोगों को व्यस्त जीवन से निकालकर एक साथ आने का मौका देता है। विजेता खिलाड़ी राजेश चावला ने जताई खुशी विजेता टीम के खिलाड़ी राजेश चावला ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस जीत को शब्दों में बयान करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि यह जीत पूरे सिंधी समाज की है और ऐसे आयोजन लगातार किए जाने चाहिए। यह मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। आयोजन को लेकर समाज पदाधिकारियों की प्रतिक्रिया समाज के विजय मोटवानी, बंटी वाधवानी और कैलाश बगतानी ने बताया कि आज के समय में अधिकतर लोग मोबाइल में व्यस्त रहते हैं, लेकिन इस आयोजन ने समाज में त्योहार जैसा माहौल बना दिया है। उन्होंने कहा कि इस टूर्नामेंट से युवा बड़ी संख्या में खेलों से जुड़े हैं। लंबे समय बाद युवाओं को खेलने का ऐसा अवसर मिला है। अगर समाज को ऐसे आयोजन लगातार मिलते रहें तो लोग स्वस्थ रहेंगे, क्योंकि शरीर के लिए खेल गतिविधियां बहुत जरूरी हैं। इंटरनेशनल स्तर की तर्ज पर हुआ आयोजन समाज पदाधिकारियों ने बताया कि धर्म की नगरी धमतरी में इंटरनेशनल स्तर की तर्ज पर क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की गई। उन्होंने विजेता टीम और उपविजेता टीम को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। युवाओं का प्रदर्शन रहा सराहनीय समाज पदाधिकारियों ने कहा कि देश का भविष्य युवा हैं और युवाओं का प्रदर्शन काफी सराहनीय रहा। उन्होंने बताया कि सिंधी प्रीमियर लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारना है, ताकि समाज के अच्छे खिलाड़ी आगे चलकर राज्य स्तर पर अपनी पहचान बना सकें। SPL का उद्देश्य: प्रतिभा को मंच देना सिंधी प्रीमियर लीग का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रतिभागी युवाओं को खेल मंच उपलब्ध कराना है, जिससे धमतरी से आगे चलकर राज्य स्तर के खिलाड़ी उभर सकें।
<
