सीहोर वाले कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने शिव महापुराण कथा के तीसरे दिन इसकी महिमा का वर्णन किया। यह कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जा रही है, जिसमें दूर-दूर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
.
पंडित मिश्रा ने श्रद्धालुओं से आगामी फरवरी माह में ‘ग्रीन शिवरात्रि’ मनाने का आग्रह किया। उन्होंने सभी से इस दिन एक पौधा लगाने का संकल्प लेने को कहा, चाहे वह बेलपत्र का हो या कोई अन्य पौधा। उन्होंने रोपित पौधे की देखभाल कर उसे पेड़ बनाने और अपने परिजनों-पड़ोसियों को भी इसके लिए प्रेरित करने की बात कही।
उन्होंने सनातन समाज को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने पर जोर दिया। पंडित मिश्रा ने यह भी कहा कि वर्तमान समय में घरों में आज भी ‘कैकई’ और ‘मंथरा’ जैसे विचार मौजूद हैं, जिनसे बचने और दूर रहने की आवश्यकता है।

भगवान शंकर को बताया जगत का पालनहार
पंडित मिश्रा ने भगवान शंकर को संपूर्ण जगत का पालनहार बताया। उन्होंने कहा कि उनके नमन मात्र से जगत का कल्याण होता है और एक लोटा जल अर्पित करने से शिवजी प्रसन्न होकर मनोकामनाएं पूरी करते हैं। उन्होंने मानव जीवन को सौभाग्यशाली बताते हुए इसे भगवान भोले बाबा के प्रति समर्पित करने का प्रयास करने की सलाह दी।
प्रदीप मिश्रा ने यह भी कहा कि शिव महापुराण की कथा सनातन धर्म को मजबूती प्रदान करती है। उनके अनुसार, जीवन में ‘दवा और दुआ’ दोनों आवश्यक हैं, और भगवान को नमन और बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलने से हर समस्या का समाधान हो जाता है।
श्रद्धालुओं के पत्रों का किया वाचन
श्रद्धालुओं के लिखे पत्र में सुभाषपारा के एक महिला ने कहा मैं अक्सर बीमार रहती थी। शिवलिंग में प्रतिदिन जल चढ़ाने लगी तो कुछ समय बाद सारे दुख, तकलीफ दूर ही गया। एक ने कहा नौकरी के लिए भटक रही थी। शिव की कृपा से शिक्षक बन गई। एक महिला श्रद्धालुओं ने कहा मेरे शादी के 10 वर्ष बाद शिवकृपा से मुझे संतान प्राप्त हुई। मंदिर में झाडू, पोंछा साफ-सफाई से भी शिव प्रसन्न होते हैं।

श्रद्धालु दे रहे निशुल्क सेवा
कथा सुनने दूर-दराज से श्रद्धालु भंडारा पहुंच रहे हैं। कथा श्रवण करने पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई है। शौर्य हार्डवेयर टाइल्स भानुप्रतापपुर द्वारा श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क चाय व्यवस्था की गई। कोडेकुरों के छोटू यादव सुरक्षा में लगे जवानों, श्रद्धालुओं को पानी पिला रहे हैं।
आप अपने भरोसे की चाबी भगवान शंकर को सौंप दो- प्रदीप मिश्रा
प्रदीप मिश्रा ने कहा शिवमहापुराण कथा वह चाबी है, जिससे जीवन रूपी सारी समस्याएं दूर हो जाती है। इसलिए अपने भरोसे की चाबी भगवान शंकर को सौंप दीजिए। पूर्व जन्म में अच्छे कर्म व बाबा के आशीर्वाद से ही मानव जीवन मिलता है। आपके मन में यदि संशय होगा तो वो काम कभी नहीं बनेगा।
यदि आपको विश्वास भरोसा है तो वह कार्य जरूर पूरा होगा। ऐसे कोई भी व्यक्ति नहीं होगा, जिसके जीवन में कोई कष्ट न आया हो। सच्चा भक्त भगवान को पहचान लेता है। जब भी कोई गाय घर के सामने आती है दुख को खींच लेती है। जब गाय आए, तो उसे रोटी जरूर दें।
<
