छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सोमवार रात को धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विवाद भड़क गया। ग्रामीणों का आरोप है कि ‘प्रेस’ लिखी गाड़ी में पहुंचे कुछ लोग आदिवासी समुदाय के लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे।
.
इस बात को लेकर विरोध शुरू हुआ और दो पक्षों में मारपीट हो गई। इस घटना में कुछ ग्रामीण घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। तनाव की स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है। मामला भरंडा थाना क्षेत्र का है।
देखिए पहले ये तस्वीरें-

विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए।

मारपीट में घायल महिला को अस्पताल में भर्ती किया गया है।

तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

पास्टर समेत 2-3 लोगों को थाने ले जाया गया।
जानिए क्या है पूरा मामला ?
बताया जा रहा है कि सोमवार शाम ‘प्रेस’ लिखी एक गाड़ी में सवार पास्टर समेत 2-3 लोग भरंडा गांव पहुंचे। आरोप है कि गांव के एक घर में धार्मिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और विरोध करने लगे।
इस दौरान धर्मांतरित समुदाय के कुछ लोगों और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते कहासुनी से बढ़कर मारपीट में बदल गया। इस घटना में महिला सहित 2-3 लोग घायल हो गए। वहीं, बवाल की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंची।
किसी तरह स्थिति पर काबू पाया गया और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।

‘प्रेस’ लिखी गाड़ी में पास्टर समेत कुछ लोग गांव पहुंचे थे।
ग्रामीणों ने कड़ी कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना था कि पत्रकारिता की आड़ में धर्मांतरण जैसी गतिविधियां संचालित करने की कोशिश की जा रही है, जिससे पत्रकारिता की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने पोस्टर समेत बाकी लोगों को थाने ले जाने के दौरान विरोध जताया और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गांव में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर माहौल शांत बनाए रखने का प्रयास कर रही है।
जांच के बाद ही स्थिति होगी स्पष्ट
फिलहाल धर्मांतरण से जुड़े आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
……………..
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
कांकेर में धर्मांतरण के आरोप पर बवाल…VIDEO: प्रार्थना सभा के विरोध में ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, बोले-मिशनरी प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करा रहे

छत्तीसगढ़ के कांकेर में रविवार को एक प्रार्थना सभा को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। ग्रामीणों ने एक घर में आयोजित सभा का विरोध करते हुए ईसाई मिशनरियों पर प्रलोभन देकर धर्मांतरण कराने का आरोप लगाया। मामला नरहरपुर थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
<
