![]()
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में आगामी हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। छात्रों के मूल्यांकन टेस्ट और शिक्षकीय दायित्वों में लापरवाही बरतने पर 9 स्कूलों के शिक्षकों और प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने पेंड्रा और मरवाही विकासखंड के कई शासकीय हाई स्कूलों और हायर सेकेंडरी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुड़कई, निमधा, अनडी, मडवाही सहित अन्य स्कूलों में पढ़ाए जा रहे विषयों, छात्रों के मूल्यांकन टेस्ट और कक्षा शिक्षण की गुणवत्ता का जायजा लिया गया। लापरवाहों पर एक्शन निरीक्षण में पाई गई कमियों और लापरवाही के आधार पर संबंधित शिक्षकों और प्राचार्यों को यह नोटिस जारी किया गया है। विभाग का मानना है कि इन लापरवाहियों से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पिछले साल संतोषजनक नहीं था रिजल्ट गौरतलब है कि पिछले साल जिले का बोर्ड परीक्षा परिणाम संतोषजनक नहीं रहा था, जिस पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी व्यक्त की थी। उन्होंने बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट कार्ययोजना बनाने और व्यापक तैयारी कराने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में शिक्षा विभाग लगातार जिले के स्कूलों का निरीक्षण कर रहा है। अध्ययन-अध्यापन के स्तर की समीक्षा की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने चेतावनी दी है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। आगामी 21 फरवरी से शुरू होने वाली बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम लाने के लक्ष्य को लेकर शिक्षकों की बैठकें आयोजित की गई हैं और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
<
