बिना किसी पूर्व सूचना करीब 30 लाख राशन कार्ड हितग्राहियों के नाम काटे जाने को लेकर कांग्रेस ने खाद्य विभाग कार्यालय का घेराव किया।
.
शहर और ग्रामीण कांग्रेस के संयुक्त नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने सरकार के फैसले को गरीब विरोधी, अमानवीय और जन अधिकारों पर सीधा हमला बताया।
कलेक्ट्रेट में नारेबाजी, घंटों धरना
प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और खाद्य विभाग कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ता घंटों तक धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शन का नेतृत्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन और रायपुर ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे ने किया।
“ई-केवायसी के नाम पर गरीबों को सजा”
शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा—
भाजपा सरकार ई-केवायसी के नाम पर गरीबों को सजा दे रही है। महीनों तक सत्यापन कराने के बाद अचानक राशन कम कर देना पूरी तरह अन्याय है। यह गरीबों के मुंह से निवाला छीनने जैसा है।
ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा मार
ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राजेन्द्र पप्पू बंजारे ने कहा—
तकनीकी खामियों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में हजारों परिवार राशन से वंचित हो गए हैं। सरकार तत्काल समाधान करे, नहीं तो आंदोलन और उग्र होगा।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब ई-केवायसी प्रक्रिया के नाम पर दो महीने तक पूरा प्रशासनिक अमला लगा रहा, तो फिर अचानक राशन आवंटन क्यों रोका गया?कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून कोई दया नहीं, बल्कि कानूनी अधिकार है, जिसे बिना सूचना के छीना नहीं जा सकता।
थंब इम्प्रेशन बना बाधा
कांग्रेस का आरोप है कि आज भी प्रदेश में सैकड़ों हितग्राही थंब इम्प्रेशन और KYC से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों के चलते राशन से वंचित हैं। पार्टी ने मांग की कि इन समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए।
कुष्ठ रोगियों के कटे कार्ड, 10 दिन का अल्टीमेटम
प्रदर्शन के दौरान यह मुद्दा भी सामने आया कि कुष्ठ रोग से पीड़ित कई लाचार लोगों के राशन कार्ड थंब इम्प्रेशन के नाम पर काट दिए गए।कांग्रेस ने कलेक्टर खाद्य शाखा को ज्ञापन सौंपते हुए 10 दिन में व्यवस्था सुधारने का अल्टीमेटम दिया। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो कटे हुए कार्ड धारियों के साथ खाद्य मंत्री के बंगले का घेराव किया जाएगा।

कलेक्ट्रेट में कांग्रेस ने दिया धरना
15 जनवरी तक समाधान नहीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने प्रशासन को 15 जनवरी तक सभी समस्याओं के निराकरण की समयसीमा दी।पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि यदि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
“ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा सीधा असर”
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के पूर्व अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा—
ई-केवायसी की आड़ में लाखों गरीबों को राशन से वंचित करना सरासर अन्याय है। इसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। सरकार को तुरंत फैसला वापस लेना चाहिए।
बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद
प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश महामंत्री सुबोध हरितवाल, नेता प्रतिपक्ष नगर निगम आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि गरीबों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक जारी रहेगी और जनविरोधी फैसलों के खिलाफ आंदोलन और तेज किया जाएगा।
<
