छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक सड़क हादसे में कलेक्ट्रेट के कंप्यूटर ऑपरेटर की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ऑपरेटर को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने मृतक की आँखें दान करने का निर्णय लिया।
.
यह घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम भानपुरी के पास हुई। कंप्यूटर ऑपरेटर देवेंद्र साहू अपनी ड्यूटी पर जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सूचना मिलने पर अर्जुनी पुलिस मौके पर पहुंची और टक्कर मारने वाले वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
मृतक की पहचान ग्राम भानपुरी निवासी 37 वर्षीय देवेंद्र साहू के रूप में हुई है। वह आदिम जाति कल्याण विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। टक्कर मारने वाला वाहन एक मॉडिफाइड बाइक थी, जिसे ऑटो जैसा बनाया गया था और वह मंडई के लिए सामान लेकर जा रहा था।
मृतक के चाचा सुरेश साहू ने बताया कि देवेंद्र की मौत के बाद परिजनों ने नेत्रदान का फैसला किया। उन्होंने कहा, “घर का चिराग तो हमेशा के लिए चला गया, लेकिन अगर आँखें किसी के काम आ सकें और कोई जरूरतमंद उनके सहारे दुनिया देख पाए, तो इससे बढ़कर कोई चीज नहीं।”

<
