![]()
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बलौदाबाजार जिले के सुहेला में 4 दिसंबर 2025 को 194.79 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इसमें 41.91 करोड़ रुपये के 94 कार्यों का लोकार्पण और 152.87 करोड़ रुपये के 80 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
.
यह कार्यक्रम तहसील मुख्यालय सुहेला के दुर्गाेत्सव मैदान में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उपमुख्यमंत्री अरुण साव कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे।
जिले के प्रभारी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा अतिविशिष्ट अतिथि होंगे। रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहेंगे।
हितग्राहियों को सौंपेंगे आवास की चाबियां और चेक
इस अवसर पर 16,013 हितग्राहियों को 5 करोड़ रुपये से अधिक की सामग्री और चेक वितरित किए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 1,073 हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी जाएंगी। प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत 5,000 किसानों को उनके अधिकार अभिलेखों का वितरण किया जाएगा।
साइबर धोखाधड़ी के मामलों में 27 लाख रुपये की राशि वापसी के चेक वितरित किए जाएंगे। श्रम विभाग विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को 83 लाख रुपये के चेक प्रदान करेगा।
आदिवासी विकास विभाग द्वारा 8,333 छात्रों को 4.25 करोड़ रुपये की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति दी जाएगी। छत्तीसगढ़ महिला कोष के अंतर्गत महिला स्व-सहायता समूहों और सक्षम योजना के 16 हितग्राहियों को 25 लाख रुपये के चेक मिलेंगे।
खादी ग्रामोद्योग द्वारा मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के तहत 10 हितग्राहियों को 9.69 लाख रुपये और ‘हम होंगे कामयाब’ योजना के अंतर्गत 60 हितग्राहियों को 6.81 लाख रुपये के चेक वितरित किए जाएंगे।
<
