![]()
.
जिला प्रशासन द्वारा संचालित जिला ग्रंथालय मुंगेली, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित हो रहा है। हाल ही में घोषित छग पुलिस भर्ती के परिणाम में, इस ग्रंथालय से तैयारी करने वाले 10 छात्रों ने चयनित होकर जिले को गौरवान्वित किया है।
ग्रंथालय में लगभग 1100 छात्रों का पंजीयन है, जिनके लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए करीब 5000 पुस्तकें उपलब्ध हैं। प्रतिदिन 100 से 150 छात्र शांत माहौल और पढ़ाई के उचित वातावरण में अपनी तैयारी कर रहे हैं। यह ग्रंथालय नगर ही नहीं, पूरे जिले में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है। छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती में चयनित होने वाले जिला ग्रंथालय के 10 छात्रों में मंदाकिनी सोनकर, अमित कुमार यादव, हितेश्वरी पटेल, महेश कुमार, शिवचरण यादव, हरीश जायसवाल, महेन्द्र कुमार, देविका सागर, चंद्रपाल साहू और विजय पटेल शामिल है।
ग्रंथालय प्रमुख देवशंकर श्रीवास्तव ने चयनित युवाओं के कठिन परिश्रम, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए कर्तव्य पथ पर सदैव सफल होने की शुभकामनाएं दी हैं। जिला ग्रंथालय के चयनित सभी युवाओं व स्टाफ ने कलेक्टर कुन्दन कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय व जिला शिक्षा अधिकारी एलपी डाहिरे का विशेष आभार प्रकट किया। उनका मानना है कि इन अधिकारियों का सहयोग व मार्गदर्शन सदैव इस कार्यालय को मिलता रहा है, जिससे यह सफलता संभव हो पाई।
<
