रामानुजगंज-वाड्रफनगर रोड पर पलटन घाट के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम लगभग 6 बजे ग्राम लावा निवासी शिव प्रसाद (35) अपने साथी राम केवल (25) के साथ बाइक से रामानुजगंज से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पलटन घाट के पास ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिर गए।
बताया जा रहा है कि हादसे में राम केवल का दाहिना हाथ कट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि शिव प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर पहुंचे वन अमला ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। साथ ही घायल को एम्बुलेंस से 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचा।
डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद कई वाहन वहां से गुजरे, लेकिन किसी ने भी घायलों की मदद नहीं की। फिलहाल, पुलिस इस मामले में मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है।

<
