![]()
भास्कर न्यूज| रायगड़ा ओड़िया समाज के गौरव, उत्कल गौरव मधुसूदन दास की 92वीं पुण्यतिथि के अवसर पर यूजीएमआईटी (उत्कल गौरव मधुसूदन तकनीकी संस्थान), रायगड़ा में बुधवार को श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में स्थापित मधुसूदन दास की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित की गई। सभी अतिथियों ने मधुसूदन दास के स्वतंत्र उत्कल प्रदेश गठन में दिए गए योगदान और उनके बलिदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को मधुबाबू के जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज के विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संदेश दिया। इस अवसर पर छात्रों को मधुसूदन दास के जीवन, देशभक्ति तथा ओड़िया अस्मिता के लिए उनके संघर्ष से अवगत कराया गया। कार्यक्रम से युवाओं में राष्ट्रभक्ति, भाषा प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूती मिली। अतिथियों ने कहा कि मधुसूदन दास केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि ओड़िया राष्ट्रीय चेतना के प्रतीक थे। उनके विचार और आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। इस प्रकार के आयोजनों से छात्रों के जीवन में महान विभूतियों के आदर्श स्थापित करने का सकारात्मक प्रयास होता है। इस मौके पर कार्यकारी अध्यक्ष प्रदीप कुमार खटुआ, पूर्व अध्यक्ष एमएस राव, जिला उद्योग केंद्र के सेवानिवृत्त वरिष्ठ प्रशासक और पूर्व छात्र सत्यसाची साहू, विभागाध्यक्ष प्रतिभा पात्र, विधु भूषण शबर, श्रीकांत ठाकुर, के. सुमन राव, रितांजलि पंडा, दीपक कुमार नायक सहित अन्य मौजूद थे।
<
