कोरबा के सीतामढ़ी इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने 6 युवकों और 5 नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था।
.
यह घटना दो दिन पहले सीतामढ़ी स्टेशन रोड स्थित शनि मंदिर के पास हुई थी। लगभग एक दर्जन से अधिक युवकों ने प्रकाश दास नामक युवक पर लाठी, डंडे, चेन, हॉकी स्टिक और रॉड से हमला किया। बचाव में आए एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की गई। हमले में प्रकाश दास गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिससे आरोपियों की पहचान में मदद मिली। जानकारी के अनुसार, सीतामढ़ी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के पास दो युवकों के बीच पहले झगड़ा हुआ था। इसके बाद मोती सागर पारा निवासी युवक अपने साथियों के साथ शनि मंदिर के पास पहुंचे और प्रकाश दास पर हमला कर दिया।

पुरानी रंजिश में किया हमला
प्रकाश दास के अनुसार, हमलावरों का कहना था कि वह पुरानी रंजिश में शामिल था, जबकि प्रकाश ने किसी भी लड़ाई-झगड़े में शामिल होने से इनकार किया है। हमलावरों ने उन्हें हाथ में चूड़ा, रॉड और लात-घूंसों से पीटा। प्रकाश ने किसी तरह एक दुकान में घुसकर अपनी जान बचाई, लेकिन हमलावर वहां भी घुस गए और मारपीट की।
कोतवाली पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के बाद 6 युवकों और 5 नाबालिगों को पकड़ा गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।
गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान गोविंदा सागर, अविनाश सागर, शंभू, रमेश, सरवन सागर और आकाश सागर के रूप में हुई है। ये सभी मोतीसागरपारा के निवासी हैं।
<
