बिलासपुर के रेलवे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ऑडिटोरियम में शुक्रवार को देशव्यापी 19वें रोजगार मेले का भव्य आयोजन किया गया, जहां चयनित युवाओं के चेहरों पर …और पढ़ें

HighLights
- रेलवे में सबसे ज्यादा नियुक्तियां: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) बिलासपुर मंडल द्वारा आयोजित इस मेले में।
- पीएम मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से देशभर के 51 हजार अभ्यर्थियों को किया संबोधित।
- मुख्य अतिथि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने युवाओं को बधाई दी।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: रेलवे नार्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट आडिटोरियम में शुक्रवार को आयोजित 19वें रोजगार मेला में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित 250 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के 51 हजार से अधिक नव नियुक्त युवाओं को संबोधित करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया।
इंस्टीट्यूट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल सभी जनप्रतिनिधि, अधिकारी व नवनियुक्त युवा जुड़े। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल नौकरी पाने का नहीं, बल्कि देश के विकास में भागीदारी निभाने का भी है। उन्होंने रेलवे, बैंकिंग, रक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे क्षेत्रों में युवाओं की जिम्मेदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम होगी। उन्होंने नियुक्त अभ्यर्थियों की मेहनत और संघर्ष की सराहना की।
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल द्वारा आयोजित इस रोजगार मेले में रेलवे के 230 अभ्यर्थी व 20 युवाओं को केंद्रीय वित्त एवं डाक विभाग में नियुक्ति मिली। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने प्रारंभिक 25 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद युवाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह, उम्मीद और आत्मविश्वास का माहौल बना रहा।
पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल- तोखन
इस पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किया गया रोजगार मेला अभियान युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। कार्यक्रम में बिल्हा विधायक धरम लाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, महापौर पूजा विधानी, रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन के अलावा मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारी उपस्थित रहे।
<
