भास्कर न्यूज | बालोद शनिवार को अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री रहा। शुक्रवार की तुलना में अधिकतम तापमान 0.1 डिग्री ज्यादा रहा। जबकि न्यूनतम तापमान स्थिर रहा। सुबह से शाम अधिकांश समय मौसम साफ रहने, धूप की वजह से लोगों को गर्मी व उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने हीट वेव (ग्रीष्म लहर) का येलो अलर्ट जारी कर रविवार को अधिकतम तापमान 45 डिग्री पर पहुंचने का अनुमान लगाया हैं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी दोपहर 12 से शाम 4 बजे के बीच लोगों को घर पर ही रहने अलर्ट किया गया है। गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे रोजाना शाम को पर्यावरण पार्क, गार्डन में पहुंच रहे हैं। शाम 7 से रात 8 बजे के बीच बालोद में वातावरण में नमी की मात्रा 25 फीसदी रही। इस दौरान 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चली। रविवार को बालोद में 17 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवा चलने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि राजस्थान से होकर पूर्व व अन्य दिशा से गर्म हवा बालोद सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सांे में आ रही है। इस वजह से हीट वेव की स्थिति बन रही है। अगले तीन दिन तक यह स्थिति बनने से गर्मी व उमस से राहत की उम्मीद कम है। हालांकि इस दौरान अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट हो सकती है। पारा 43 डिग्री के आसपास रह सकता है, बावजूद नमी की मात्रा 30 फीसदी से कम रहने, धूप, बादल से् उमस बढ़ेगी।
<
