![]()
जगदलपुर नगर निगम ने मानसून के दौरान शहरवासियों को स्वच्छ और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की तैयारी शुरू कर दी है। पावर हाउस स्थित सेटलिंग टैंक में जमी गाद की सफाई शनिवार से शुरू की गई है। निगम का लक्ष्य करीब 180 टन गाद निकालने का है, जिससे बारिश के मौसम में जल शोधन प्रक्रिया प्रभावित न हो और शहर में दूषित पानी की सप्लाई न हो। महापौर संजय पांडेय ने निगम की टीम के साथ सफाई कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मानसून में इंद्रावती नदी का पानी अत्यधिक मटमैला हो जाता है, जिससे जल शोधन व्यवस्था पर असर पड़ता है। इसी वजह से बारिश शुरू होने से पहले टैंकों की सफाई कराई जा रही है ताकि जल आपूर्ति सुचारू बनी रहे। काम पूरी तरह मैनुअल तरीके उन्होंने बताया कि सफाई कार्य पूरी तरह मैनुअल तरीके से किया जा रहा है और किसी भारी मशीन का उपयोग नहीं किया जा रहा। प्रतिदिन 8 से 10 श्रमिक सुरक्षा मानकों के तहत टैंक की सफाई में जुटे हुए हैं। महापौर ने कहा कि सेटलिंग टैंक में अधिक मात्रा में गाद जमा होने से पानी शुद्ध करने की क्षमता प्रभावित होती है और ज्यादा रसायनों का इस्तेमाल करना पड़ता है। समय पर सफाई नहीं होने पर दूषित पानी की आपूर्ति और बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। पानी की समस्यां की तुरंत दें जानकारी नगर निगम के मुताबिक इंद्रावती नदी से लाए गए पानी को साफ और कीटाणुरहित करने के बाद उच्च स्तरीय टंकियों तक पहुंचाया जाता है, जहां से शहर के विभिन्न वार्डों में सप्लाई की जाती है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से जल संरक्षण और पेयजल संबंधी समस्याओं की जानकारी तत्काल देने की अपील भी की है।
<
