![]()
भास्कर न्यूज | बालोद शुक्रवार को जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों का औचक निरीक्षण कर ग्रामीण विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी ने लिया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के निर्देश अधिकारियों को दिए। सीईओ चंद्रवंशी ने बालोद विकासखंड के ग्राम जुंगेरा, रानीतराई एवं सांकरा (ज) तथा गुंडरदेही विकासखंड के ग्राम कुरदी का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं के तहत किए जा रहे कार्यों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत निर्मित ट्रेंच एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इसके अलावा स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत गांवों में स्वच्छता प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से बनाए गए कचरा संग्रहण शेड एवं मैजिक पिट की स्थिति का भी जायजा लिया। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत स्वीकृत, लंबित एवं निर्माणाधीन आवासों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए।
<
