![]()
महासमुंद पुलिस ने ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी कर रहे दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ट्रेन और बस के जरिए गांजा लेकर जा रहे थे, लेकिन एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना विफल हो गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.360 किलोग्राम गांजा और दो मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 38 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। बस का इंतजार करते मिले संदिग्ध पुलिस को सूचना मिली थी कि मुरमुरी चौक क्षेत्र में एक महिला और एक पुरुष दो पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध हालत में बस का इंतजार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोडा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पुरुष ने अपनी पहचान पराग ध्रुव (26) और महिला ने सायली मसराम (33) के रूप में बताई और दोनों नागपुर के निवासी हैं। बैग से मिला 6 किलो से ज्यादा गांजा तलाशी के दौरान दोनों के बैग से कुल 6.360 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे यह गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से नागपुर ले जा रहे थे। जब्त गांजे की कीमत लगभग 3 लाख 18 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्त संपत्ति का मूल्य 3 लाख 38 हजार रुपये आंका गया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई सिंघोडा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। तस्करों के नए-नए तरीके, पुलिस अलर्ट पुलिस के मुताबिक गांजा तस्कर लगातार नए तरीके अपनाकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। तस्करी के लिए एंबुलेंस, मूवर्स एंड पैकर्स वाहन, फलों से भरे ट्रक और छोटे वाहनों में बने गुप्त चेंबर तक का इस्तेमाल किया जा रहा है। कई मामलों में आरोपी कपड़ा फेरीवालों के भेष में भी गांजा सप्लाई करते पाए गए हैं। चार स्थायी चेक पोस्ट, लगातार निगरानी पुलिस ने बताया कि अंतर्राज्यीय सीमा पर चार स्थायी चेक पोस्ट बनाए गए हैं। इसके अलावा संभावित कच्चे रास्तों पर भी लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सूचना तंत्र, तकनीकी विश्लेषण और विभिन्न राज्यों की एजेंसियों के समन्वय से “सोर्स प्वाइंट से डेस्टिनेशन प्वाइंट” तक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का दावा है कि अब तक 33 मामलों में पूरी सप्लाई चेन तोड़ने में सफलता मिली है।
<
