बदमाशों ने डराने वाले लहजे में कहा कि उनकी डिक्की में नशीला सामान होने की सूचना है और वे उसकी तलाशी लेना चाहते हैं। आशीष ने जब डिक्की खोलकर दिखाई, तो …और पढ़ें

HighLights
- सीएमडी कॉलेज के पास स्कूटी सवार को झांसे में लिया।
- मादक पदार्थ चेकिंग का डर दिखाकर चेन-अंगूठी बदली।
- बदमाशों की बातों में आकर आशीष ने जेवर उतार दिए।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। न्यायधानी में शातिर ठगों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे दिनदहाड़े मुख्य मार्गों पर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। गुरुवार को तारबाहर थाने से चंद कदम दूर सीएमडी चौक व सीएमडी कॉलेज के पास दो शातिर ठगों ने बाइक सवार युवक को पुलिस अधिकारी बनकर रोका। फिर रौब दिखाते हुए झांसे में लेकर करीब एक लाख 30 हजार रुपये कीमत के सोने के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गए।
तारबाहर पुलिस के अनुसार फ्रेंड्स रेसीडेंसी नूतन चौक सरकंडा निवासी आशीष पांडेय गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अपनी स्कूटी से यूनियन बैंक जा रहे थे। जैसे ही वे सीएमडी कॉलेज के पास पहुंचे, तभी बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोका।
बदमाशों ने डराने वाले लहजे में कहा कि उनकी डिक्की में नशीला सामान होने की सूचना है और वे उसकी तलाशी लेना चाहते हैं। आशीष ने जब डिक्की खोलकर दिखाई, तो बदमाशों का नया पैंतरा चला।
उन्होंने कहा कि इस इलाके में चेन स्नेचिंग और लूटपाट की बहुत घटनाएं हो रही हैं। आपने गले में सोने की चेन और हाथ में अंगूठी क्यों पहनी है, इन्हें उतारकर डिक्की में सुरक्षित रख लीजिए। बदमाशों की बातों में आकर आशीष ने अपने जेवर उतार दिए।
नजर बचाकर हाथ की सफाई, कागज में लपेटे नकली जेवर
ठगों ने आशीष का विश्वास जीतने के लिए खुद ही एक कागज निकाला और उसमें जेवर लपेटने का नाटक किया। इसी दौरान बड़ी चालाकी से असली चेन और अंगूठी बदलकर उन्होंने कागज में नकली जेवर रख दिए और उसे डिक्की के भीतर डाल दिया। जब तक आशीष को शक होता, तब तक दोनों आरोपित वहां से तेजी से निकल चुके थे। कुछ दूर जाकर चेक करने पर आशीष को कागज के भीतर पीतल के नकली जेवर मिले।
सीसीटीवी खंगाल रही तारबाहर पुलिस
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज किया। वहीं हुलिए के आधार पर घेराबंदी की, लेकिन आरोपितों का सुराग नहीं मिला। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को अंदेशा है कि यह किसी पेशेवर या अंतरराज्यीय गिरोह का काम हो सकता है जो पुलिस का डर दिखाकर बुजुर्गों और राहगीरों को निशाना बनाते हैं।
<
