![]()
बलौदाबाजार के वनमंडलाधिकारी धम्मशील गणवीर के निर्देश पर बारनवापारा अभयारण्य के देवपुर नेचर कैंप में एक विशेष समर कैंप का आयोजन किया गया। 16 से 22 मई तक चले इस कैंप में बच्चों को प्रकृति के बीच सीखने और अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिला। इस समर कैंप में वन विभाग के कर्मचारियों के बच्चों सहित 65 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इनमें छत्तीसगढ़ के साथ-साथ मध्य प्रदेश के बच्चे भी शामिल थे। कैंप के दौरान बच्चों को प्रकृति के सान्निध्य में रहकर सीखने और रोमांचक गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिला। प्रतिदिन सुबह बच्चों को जंगल ट्रेक और बर्डिंग गतिविधियों के लिए ले जाया गया। यहां उन्होंने पक्षियों की पहचान, जंगल की संरचना और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को करीब से जाना। इसके अतिरिक्त, प्रकृति से संबंधित खेल, टेंट कैंपिंग, आउटडोर और रचनात्मक गतिविधियाँ भी आयोजित की गई। बच्चों को बारनवापारा अभयारण्य की सफारी कराई गई। क्षेत्र की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों को समझने के लिए उन्हें सिरपुर का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया गया। उन्हें सामुदायिक सहभागिता गतिविधियों से भी जोड़ा गया, जिससे स्थानीय समुदायों और प्रकृति के संबंधों को समझने में मदद मिली। विश्व जैव विविधता दिवस पर बच्चों को बायोडायवर्सिटी ट्रेल पर ले जाया गया। यहाँ स्थानीय वैद्यों ने उन्हें औषधीय पौधों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस गतिविधि से बच्चों को पारंपरिक ज्ञान, जैव विविधता और प्रकृति के महत्व को समझने का मौका मिला।
<
