![]()
बलरामपुर रामानुजगंज जिले के रामानुजगंज क्षेत्र स्थित फकीरवा नाला में हजारों की संख्या में एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक और पानी की बोतलें फेंके जाने का मामला सामने आया है। यह नाला रामानुजगंज और पुरानडीह गांव को जोड़ता है। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और क्षेत्र में प्रदूषण व स्वास्थ्य संकट की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नाले में फेंकी गई अधिकांश कोल्ड ड्रिंक एक्सपायरी हो चुकी थीं। खुले में बड़ी मात्रा में बोतलें पड़े होने से आसपास दुर्गंध फैलने लगी है, जिससे ग्रामीणों को परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान संक्रमण और प्रदूषण का खतरा बढ़ेगा ग्रामीणों का कहना है कि इन पेय पदार्थों से पशुओं के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ सकता है। साथ ही बारिश के दौरान यह गंदगी बहकर जल स्रोतों तक पहुंच सकती है, जिससे संक्रमण और प्रदूषण का खतरा बढ़ जाएगा। वैज्ञानिक निस्तारण की मांग ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक्सपायरी खाद्य और पेय पदार्थों का नियमानुसार वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाना चाहिए था, लेकिन यहां बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के खुले में फेंक दिया गया। मामले की जानकारी प्रशासन और संबंधित विभाग को दी गई, जिसके बाद दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी। खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन दैनिक भास्कर में इस खबर के प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर श्रीवास मात्र तीन घंटे के भीतर मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्वयं खड़े होकर नाले की सफाई करवाई। प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों की मदद से फेंकी गई बोतलों और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाने का अभियान चलाया। ग्रामीणों ने की सख्त कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही अपशिष्ट पदार्थों के वैज्ञानिक निस्तारण की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है, ताकि क्षेत्र को प्रदूषण और स्वास्थ्य संबंधी खतरों से बचाया जा सके।
<
