![]()
धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम उमरदा में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक ठेकेदार की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर घंटों तक चक्काजाम किया। प्रदर्शन के दौरान एम्बुलेंस में तोड़फोड़ और चालक से मारपीट की घटना भी सामने आई, जिसमें बीच-बचाव करने पहुंचे एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) सहित तीन लोग घायल हो गए। अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत जानकारी के अनुसार, ठेकेदार लीला राम (37) अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम उमरदा के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि लीला राम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए हॉस्पिटल भेजा गया है। शव रखकर किया चक्काजाम घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने मृतक के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा और सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। एम्बुलेंस में तोड़फोड़, चालक से मारपीट शव को अस्पताल पहुंचाने के लिए पहुंची तीन एम्बुलेंस को ग्रामीणों ने वापस लौटा दिया। बाद में एक निजी एम्बुलेंस मौके पर पहुंची, जहां कुछ लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ कर दी और चालक के साथ मारपीट की। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। कुरुद थाना प्रभारी अवध राम साहू के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचे एक ASI सहित तीन लोग इस दौरान घायल हो गए। कई थानों की पुलिस पहुंची मामले की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 की टीम, पेट्रोलिंग स्टाफ और आसपास के तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई और सहायता का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस कर रही जांच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के साथ-साथ एम्बुलेंस में तोड़फोड़ और मारपीट की घटना की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
<
