![]()
रायपुर में रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए जाने के विरोध में कांग्रेस ने आज प्रदर्शन किया। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वीआईपी चौक स्थित इंडियन ऑयल कार्यालय के बाहर विरोध जताया और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार लगातार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उनका कहना है कि कुछ समय पहले ही गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे और अब एक बार फिर कीमत बढ़ने से आम परिवारों का बजट प्रभावित होगा। ‘महंगाई ने बिगाड़ा हर घर का बजट’ प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पहले से ही पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की जरूरत की चीजों की बढ़ती कीमतों से लोग परेशान हैं। ऐसे समय में गैस सिलेंडर महंगा करना आम जनता की जेब पर सीधा हमला है। कांग्रेस का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आई है, इसके बावजूद घरेलू स्तर पर राहत देने के बजाय लगातार कीमतें बढ़ाई जा रही हैं। उज्ज्वला योजना को लेकर भी साधा निशाना कांग्रेस नेताओं ने उज्ज्वला योजना को लेकर भी केंद्र सरकार पर हमला बोला। प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने कहा कि पहले उज्ज्वला हितग्राहियों को अधिक सिलेंडर देने की बात की गई थी, लेकिन अब संख्या घटती जा रही है। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि यदि सरकार सालभर में केवल 4 सिलेंडर देने की बात करती है तो भाजपा नेताओं को बताना चाहिए कि क्या उनका परिवार पूरे साल सिर्फ 4 सिलेंडर में घर चला सकता है। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ तो कांग्रेस आगे भी आंदोलन जारी रखेगी। कांग्रेस का आरोप कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र, राज्य और स्थानीय निकायों की नीतियों का आर्थिक बोझ आम जनता पर पड़ रहा है। पार्टी ने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ वह लगातार सड़क से लेकर सदन तक आवाज उठाती रहेगी।
<
