![]()
रायपुर में सिटी सेंटर मॉल के सामने एक्सप्रेस-वे का रास्ता बीच में खोले जाने को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर रोड प्रतिरोधक बैरिकेड फिर से लगाया और लोक निर्माण विभाग (PWD), मंत्री राजेश मूणत और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि एक्सप्रेस-वे का रास्ता नियमों के विपरीत खोला गया है और इससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स के पैसों से बने प्रोजेक्ट को आखिर किसके निजी फायदे के लिए बदला जा रहा है। “भू-माफियाओं और बिल्डरों को फायदा पहुंचाने का आरोप” पूर्व विधायक ने कहा कि एक्सप्रेस-वे के मूल डिजाइन और तकनीकी स्वीकृति के विपरीत बीच में रास्ता खोलना गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि PWD के कुछ अधिकारी रसूखदार लोगों, निजी बिल्डरों और भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों को ताक पर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास और पारदर्शिता की बात करती है, लेकिन जमीन पर कुछ अधिकारी निजी हितों के लिए पूरे प्रोजेक्ट की दिशा बदल रहे हैं। कांग्रेस का दावा है कि यह बदलाव आर्थिक और निजी लाभ के लिए किया जा रहा है। FIR कराने की चेतावनी विकास उपाध्याय ने कहा कि अगर सरकार ने मामले में तुरंत कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस पार्टी संबंधित PWD अधिकारियों के खिलाफ देवेंद्र नगर थाने में FIR दर्ज कराएगी। उन्होंने मांग की कि एक्सप्रेस-वे के शुरुआती सर्वे और मौजूदा बदलावों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए। साथ ही पूरे रूट का नक्शा और फिजिबिलिटी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके। प्रदर्शन में कई कांग्रेस नेता शामिल प्रदर्शन में सोमेन चटर्जी, हजरून बानो, कुलदीप ध्रुव, पार्षद शेख मुशीर, महताब हुसैन, कुणाल दुबे, तनिष्क मिश्रा, आदर्श राव शिंदे, रौनक तनवानी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
<
