बिलासपुर और उसके ग्रामीण अंचलों में जारी अघोषित बिजली कटौती अब एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन चुकी है। …और पढ़ें

HighLights
- 25 मई को तिफरा विद्युत कार्यालय का घेराव करेगी कांग्रेस
- चरमराई विद्युत व्यवस्था के खिलाफ बिलासपुर में जनआंदोलन
- कांग्रेस का आरोप है विधायक सुशांत शुक्ला ने निर्बाध बिजली का दावा किया था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर: बेलतरा विधानसभा सहित पूरे जिले में हो रही लगातार अघोषित बिजली कटौती का विरोध शुरू हो गया है। इसी के तहत 25 मई को सुबह 11 बजे कांग्रेस तिफरा स्थित मुख्य विद्युत कार्यालय का घेराव करेगी।
पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं बेलतरा विधायक प्रत्याशी विजय केशरवानी ने कहा कि बिजली विभाग की लापरवाही एवं बदहाल व्यवस्था के खिलाफ अब जनता सड़क पर उतरने को विवश है। उन्होंने कहा कि नींद में सोए विभाग को जगाने के लिए यह जनआंदोलन किया जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता, व्यापारी, छात्र, किसान एवं आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। लोगों में इसे लेकर आक्रोश है। इस अवसर पर ज़िला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री, शहर अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। केशरवानी ने जिले की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
विधायक के दावे फेल, बिजली कटौती से जनता त्रस्त
केशरवानी ने कहा कि कुछ दिनों पूर्व बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने विद्युत विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का दावा किया था। बैठक के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अघोषित बिजली कटौती से राहत मिलेगी, लेकिन स्थिति में कोई खास सुधार दिखाई नहीं दे रहा है। क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से आमजन परेशान हैं। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। नागरिकों का कहना है कि आश्वासन तो बहुत दिए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है।
<
