![]()
भास्कर न्यूज | जशपुरनगर उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शासकीय एनईएस स्नातकोत्तर महाविद्यालय द्वारा परिक्षेत्र (सेक्टर) स्तरीय हैंडबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एनईएस खेल मैदान में सोमवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में पिछली बार की विजेता सरस्वती महाविद्यालय, अंबिकापुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। वहीं मेजबान एनईएस कॉलेज की टीम दूसरे स्थान पर रही और पहली बार उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग के पांच कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया। उद्घाटन मुकाबला मेजबान एनईएस कॉलेज और शासकीय बालासाहेब देशपांडे महाविद्यालय, कुनकुरी के बीच खेला गया, जिसमें एनईएस कॉलेज ने जीत दर्ज की। पहले सेमीफाइनल में शासकीय राजीव गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अंबिकापुर और सरस्वती महाविद्यालय, अंबिकापुर आमने-सामने हुए, जहां सरस्वती महाविद्यालय की टीम ने आसान जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल मेजबान एनईएस कॉलेज और पिछली बार की उपविजेता श्री साईं बाबा महाविद्यालय, अंबिकापुर के बीच खेला गया, जिसमें कड़े मुकाबले के बाद एनईएस कॉलेज ने जीत हासिल की। उद्घाटन अवसर पर एनईएस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और संघर्षशीलता का भी निर्माण करते हैं। एनईएस कॉलेज में हैंडबॉल का नया मैदान तैयार एनईएस कॉलेज के क्रीड़ा अधिकारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य सरगुजा विश्वविद्यालय एवं राज्य स्तरीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन करना था। उन्होंने जानकारी दी कि एनईएस खेल मैदान में नया हैंडबॉल मैदान तैयार किया गया है।
<
