![]()
नारायणपुर के हाई स्कूल मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. हिमांशु सिन्हा और डॉ. धनराज सिंह दरसेना को उनके समर्पित व सराहनीय चिकित्सकीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। सांसद महेश कश्यप ने ये सम्मान दिया है। दरअसल, दोनों डॉक्टरों को यह सम्मान पिछले दो सालों में चिकित्सा क्षेत्र में उनके दिए योगदान और दुर्लभ रोगों के सफल उपचार के लिए दिया गया है। नारायणपुर जैसे पिछड़े क्षेत्र में अपनी सेवा दे रहे इन डॉक्टरों ने अबूझमाड़ के मरीजों इलाज कर उनकी जिंदगी बचाई है। रेयर बीमारियों का इलाज किया डॉ. हिमांशु सिन्हा और डॉ. धनराज सिंह दरसेना ने जिले में कई जटिल और दुर्लभ चिकित्सकीय मामलों में सफल उपचार कर जिला अस्पताल को चिकित्सा क्षेत्र में नई पहचान दिलाई है। इनमें भारत का तीसरा व छत्तीसगढ़ का पहला दुर्लभ “क्यूटेनियस नोकार्डिया इंफेक्शन” का सफल निदान व उपचार शामिल है। साथ ही हृदय गति रुकने की स्थिति में समय पर सीपीआर देकर मरीज की जान बचाना और दुनिया में एक मिलियन में एक पाए जाने वाले दुर्लभ रोग “इंसुलिनोमा” का सफल इलाज प्रमुख रूप से शामिल है। इसके अलावा इमरजेंसी कंडीशन में भी दोनों डॉक्टरों ने तुरंत और प्रभावी उपचार प्रदान कर कई मरीजों की जान बचाई।
<
