भास्कर न्यूज | डौंडी ग्राम केकतीपारा नयापारा में दो दिवसीय मानसगान सम्मेलन शुरू हुआ। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि पीयूष सोनी सहित समस्त अतिथियों ने भगवान श्रीरामचंद्र एवं ग्राम के देवी-देवताओं की विधिवत पूजा की। मुख्य अतिथि पीयूष सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि रामायण केवल एक धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाने वाला महान ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम को जहां मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया है, वहीं माता सीता की पवित्रता, लक्ष्मण और भरत का अपने भाई के प्रति अथाह प्रेम, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत है। रामायण का प्रत्येक पात्र जीवन को सही मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि यदि व्यक्ति रामायण की पूजा करने के साथ-साथ उसके आदर्शों और शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाए, तो वह निश्चित रूप से सफल, संयमित और सार्थक जीवन व्यतीत कर सकता है। उन्होंने भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण जी के 14 वर्षों के वनवास का उल्लेख करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी संयम और धैर्य बनाए रखना ही सच्ची जीवन सीख है। सुख-दुख में समान भाव रखने वाला व्यक्ति ही कठिन परिस्थितियों से लड़कर अपने लक्ष्य को प्राप्त करता है। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शिवप्रसाद बारला, महामंत्री कैलाश राजपूत, सचिव कोमलेंद्र चंद्राकर, जनपद पंचायत सदस्य ईश्वरी देशलहरे, ग्राम सरपंच सत्यवती जाड़े, बिंदे मरकाम, अशोक नेताम, प्रदीप तारम, देवसाय कोमरे, सूरजभान मरकाम उपस्थित रहे।
<
