![]()
राजनांदगांव रेंज के नवनियुक्त आईजी बालाजी राव सोमावार ने कार्यभार संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट की हैं। उन्होंने कहा कि रेंज में बुनियादी और पारदर्शी पुलिसिंग के माध्यम से यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना, जनता का विश्वास जीतना और अपराधों पर प्रभावी ढंग से लगाम लगाना उनका मुख्य लक्ष्य होगा। आईजी राव ने ‘बेसिक और विजिबल पुलिसिंग’ को आवश्यक बताया। उनके अनुसार, इससे न केवल पुलिस की पकड़ मजबूत होगी, बल्कि आम जनता में सुरक्षा का भाव भी जागृत होगा। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर मोहला-मानपुर और खैरागढ़ के भीतरी इलाकों में गश्त तेज की जाएगी। नक्सलियों को आत्मसमर्पण के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनके खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। नशे को लेकर युवाओं को जागरूक किया जाएगा रेंज के सभी जिलों में नशा विरोधी अभियान को गति दी जाएगी। युवाओं में सूखे नशे के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। सट्टा, जुआ और अन्य सामाजिक बुराइयों के खिलाफ भी सख्त रुख अपनाया जाएगा। शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क हादसों में कमी लाने के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना है। आईजी का दावा- जनता से बेहतर संवाद से अपराधों पर लगाम आईजी ने स्पष्ट किया कि बिना किसी भेदभाव के न्याय प्रणाली को सशक्त बनाया जाएगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति को भी उचित न्याय मिल सके। आईजी बालाजी राव ने कहा, “जनता से बेहतर संवाद बनाने से ही आपराधिक मामलों में कमी आएगी। पुलिस की साख को और मजबूत करना हमारा निरंतर प्रयास रहेगा।” उन्होंने राजपत्रित पुलिस अधिकारियों को समय-समय पर थानों का औचक निरीक्षण करने की हिदायत दी। आईजी ने यह भी स्पष्ट किया कि गुंडा-बदमाशों के खिलाफ पुलिस किसी भी तरह की ढील देने के पक्ष में नहीं है। बेहतर पुलिसिंग के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित करना ही प्रमुख ध्येय है।
<
