![]()
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान अपने गृह ग्राम बगिया में जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और बुजुर्ग अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याओं, मांगों और सुझावों के साथ उपस्थित हुए। जनदर्शन में मुख्यमंत्री ने प्रत्येक आवेदक की बात को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ आम जनता तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जनदर्शन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने रखी अपनी समस्याएं ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कई समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्राप्त आवेदनों पर समय-सीमा के भीतर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को तत्काल राहत मिल सके। CM ने क्षेत्रवासियों को किया आश्वस्त मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश के समग्र विकास में ग्रामीण अंचलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि सरकार गांवों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, सुविधाओं का विस्तार करने और ग्रामीण जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। इस जनदर्शन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
<
