![]()
बिलासपुर में जनप्रतिनिधियों की शिकायत, रेत माफियाओं के तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास के बाद अवैध रेत उत्खनन और परिवहन रोकने खनिज विभाग ने सक्रियता दिखाई। टीम ने घुटकू, सेंदरी सहित रतनपुर इलाके में छापेमारी की। इस दौरान अवैध रेत परिवहन करने वाले तीन हाईवा और तीन ट्रैक्टर के साथ ही अवैध रूप से डंप 37 ट्रैक्टर रेत को जब्त किया गया। दरअसल, जिले में अरपा और खारून नदी समेत मस्तूरी-पचपेड़ी क्षेत्र स्थित नीलागर और शिवनाथ नदी में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के लगातार शिकायतों के बाद भी खनिज विभाग का अमला इसे नजरअंदाज कर रहा था। इसके चलते खनिज माफियाओं का हौसला बढ़ गया। जबकि, शहर और आसपास के इलाकों में खुलेआम रेत उत्खनन और परिवहन करने लगे हैं। बता दें कि जिले में अमलडीहा, उदईबंद, सोढ़ाखुर्द और करहीकछार घाट ही वैध है। इसके बावजूद अन्य सभी घाटों से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। राजनीतिक हस्तक्षेप पर अवैध उत्खनन का आरोप रेत के इस अवैध उत्खनन में सत्ताधारी और विपक्षी दलों के प्रभावशाली लोगों के साथ शराब कारोबारी भी संलिप्त हैं। रेत के अवैध उत्खनन को लेकर पिछले दिनों जिला पंचायत सदस्य भारती माली ने भी खनिज विभाग पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया था। जिला पंचायत सदस्य ने खनिज विभाग की कार्रवाई को अब तक खानापूर्ति बताते हुए अवैध रेत उत्खनन करने वाले चुनिंदा वाहनों पर कार्रवाई करने का आरोप लगाया था। नायब तहसीलदार पर ट्रैक्टर चढ़ाने की थी कोशिश तीन दिन पहले रतनपुर क्षेत्र में नायब तहसीलदार राहुल साहू अपनी टीम के साथ रेत के अवैध उत्खनन पर कार्रवाई करने पहुंचे थे। इस दौरान टीम को देखकर अवैध उत्खनन और परिवहन करने वाले ड्राइवर और कर्मचारी नदी से भागने लगे। वहीं, एक ट्रैक्टर को रोकने पर उसमें सवार ड्राइवर रेत खाली कर भागने लगा। इस दौरान नायब तहसीलदार राहुल साहू ने उसे रोकने की कोशिश की। लेकिन, ड्राइवर गाड़ी रोकने के बजाय नायब तहसीलदार को कुचलने का प्रयास करते हुए भाग निकला। नायब तहसीलदार ने इस मामले की शिकायत रतनपुर थाने में दर्ज कराई थी। कलेक्टर की सख्ती के बाद मैदान में उतरे विभाग के अफसर लगातार मिल रही शिकायतों पर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने खनिज विभाग के अफसरों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसके बाद खनिज विभाग के अफसरों ने छापेमारी की। इस दौरान सेंदरी व निरतु क्षेत्र मे अवैध रूप से डंप कर रखे गए करीब 37 ट्रैक्टर को जब्त किया गया। वहीं, मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम कुकुरदीकला, कोटा क्षेत्र के करही कछार, बेलगहना व दर्रीघाट क्षेत्र में खनिजों के अवैध उतखनन-परिवहन पर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में 2 हाईवा दो ट्रैक्टर को भी जब्त किया गया। विभाग के अफसरों ने दावा किया कि खनिजों के अवैध उत्खनन/परिवहन/भण्डारण पर विभाग द्वारा लगातार कार्यवाही जारी है।
<
