![]()
बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी ने बुधवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने जिले में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों का मूल्यांकन और समीक्षा की। बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए 3 करोड़ 53 लाख रुपए के निर्माण कार्यों और उपकरणों की खरीद को भी मंजूरी दी गई। कलेक्टर ने कैंसर स्क्रीनिंग, मलेरिया, कुष्ठ, टीबी, प्रसव और टीकाकरण जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने ओरल कैंसर स्क्रीनिंग बढ़ाने और समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिए खाद्य विभाग से समन्वय स्थापित कर हितग्राहियों के रिकॉर्ड का मिलान करने को भी कहा गया। जिला अस्पताल को सोनोग्राफी मशीन, लवन को डीजल जनरेटर स्वीकृत मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के तहत कुल 22 कार्य स्वीकृत किए गए, जिनमें 19 निर्माण कार्य और 3 उपकरणों की खरीद शामिल है। इनमें लवन में डीजल जनरेटर, जिला अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन और ब्लड कंपोनेंट प्रिपरेशन शामिल हैं। कलेक्टर ने कसडोल के अर्जुनी ‘ब’ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन न होने पर जिम्मेदार पर कार्रवाई के निर्देश दिए। फाइलेरिया नियंत्रण अभियान 10 फरवरी से कलेक्टर ने 10 फरवरी से शुरू हो रहे फाइलेरिया रोग नियंत्रण के लिए सामूहिक दवा सेवन गतिविधि के लिए निर्देश दिए। उन्होंने सुपरवाइजर टीम के गठन और ड्रग एडमिनिस्ट्रेटर सहित दोनों की तत्काल ट्रेनिंग पूरी करने को कहा। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। कलेक्टर ने सभी बीएमओ को विकासखंडवार सूक्ष्म कार्ययोजना बनाकर देने और दवाइयों की उपलब्धता व पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अवस्थी, सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सृष्टि मिश्रा सहित सभी खंड चिकित्सा अधिकारी और अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।
<
