![]()
बीजापुर में बुलडोजर कार्रवाई में ढहाए गए 118 मकानों के बीच विधायक विक्रम मंडावी ने तिरंगा फहराया। इस दौरान ध्वजारोहण कार्यक्रम में मौजूद पीड़ितों ने ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। यह घटना इसी महीने की 16 और 17 जनवरी की है, जब न्यू बस स्टैंड के पीछे आजाद नगर वार्ड के चट्टानपारा क्षेत्र में 118 मकानों को अतिक्रमण बताकर ढहा दिया गया था। तहसीलदार, नगरपालिका और वन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की थी, जिसका पीड़ितों ने कड़ा विरोध किया था। चट्टानपारा में जिन मकानों को तोड़ा गया, वे मुख्य रूप से डीआरजी के जवानों के परिवार, आत्मसमर्पित नक्सली दंपती, नक्सल पीड़ित परिवार और मजदूर आदिवासी वर्गों के थे। अधिकारियों ने कार्रवाई के दौरान पीड़ितों की अपील नहीं सुनी। ध्वजारोहण का यह कार्यक्रम उसी स्थान पर आयोजित किया गया, जहां पीड़ितों के मकान ध्वस्त किए गए थे। पीड़ितों की मांगों के लिए संघर्ष कर रहे बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी को इस कार्यक्रम में ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित किया गया था।
<
