![]()
जशपुर में धान उपार्जन केंद्र में हुए 6.55 करोड़ रुपए से ज्यादा के धान घोटाला मामले का मुख्य आरोपी और फरार प्रबंधक जयप्रकाश साहू को पकड़ कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। यह मामला तुमला थाना क्षेत्र के कोनपारा धान उपार्जन केंद्र का मामला है। पुलिस के मुताबिक, जयप्रकाश बहुत शातिर अपराधी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद वह पहले दमोह (मध्यप्रदेश) भाग गया और पुलिस के दबाव में कोरबा के विकास नगर कुसमुंडा चला गया। यहां वह बार-बार मोबाइल सिम बदलकर अपने परिचितों के नाम से संपर्क में रहता था। फिर भी जशपुर पुलिस ने उसे आखिरकार पकड़ ही लिया। इस प्रकरण में फड़ प्रभारी शिशुपाल यादव को पुलिस पहले ही 6 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब समिति प्रबंधक जयप्रकाश साहू की गिरफ्तारी के बाद भी अन्य चार आरोपी अब तक फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। अब जानिए पूरा मामला मामला खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 का है। जांच में पता चला कि कोनपारा केंद्र में कुल 1,61,250 क्विंटल धान खरीदी दिखाई गई थी, लेकिन मिलों और संग्रहण केंद्रों को सिर्फ 1,40,663 क्विंटल ही दिया गया। यानी 20,586 क्विंटल धान गायब हुआ। इस गायब हुए धान की कीमत 3,100 रुपए प्रति क्विंटल से 6 करोड़ 38 लाख रुपए के करीब आंकी गई है। इसके अलावा, 4,898 बारदाने भी गायब पाए गए, जिनकी कीमत लगभग 17 लाख रुपए है। कुल मिलाकर शासन को 6.55 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ। इस मामले में छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक के नोडल अधिकारी रामकुमार यादव की रिपोर्ट पर पुलिस ने FIR दर्ज की। जांच में सामने आया कि समिति के कुल 6 कर्मचारी/अधिकारियों की भूमिका भी है। विशेष टीम और साइबर यूनिट की अहम भूमिका एसएसपी जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी, जिसमें साइबर यूनिट को भी शामिल किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र से घेराबंदी कर उसे दबोचा गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया धान खरीदी केंद्र कोनपारा में 6.55 करोड़ रुपए की अनियमितता के मामले में दूसरे आरोपी जयप्रकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष चार फरार आरोपियों की सघन पतासाजी जारी है, उन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की विवेचना लगातार जारी है।
<
