![]()
बिलासपुर के एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक-युवा कांग्रेस नेता और ऑटोमोबाइल एजेंसी मालिक की कोरबा में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष समेत 2 युवक गंभीर रूप से घायल हैं। जिन्हें इलाज के लिए अपोलो अस्पताल में एडमिट किया गया है। घटना कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र की है। गुरुवार की रात तेज रफ्तार कार बिलासपुर-उरगा भारतमाला नेशनल हाईवे में अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सवार सभी बिलासपुर से बालको बारात जा रहे थे। कोरबा में एंट्री करते समय वो रास्ता भटक गए और हादसे का शिकार हो गए। वहीं, रायपुर में मुख्यमंत्री आवास के पास के तेज रफ्तार सरकारी वाहन से स्कूल जा रहे EV स्कूटर सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। हादसे में भाई की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पीछे बैठी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। देखिए कोरबा एक्सीडेंट की तस्वीरें- पहली घटना कोरबा की, युवा कांग्रेस नेता और कारोबारी की मौत पहली घटना कोरबा के उरगा थाना क्षेत्र की है। थाना प्रभारी राजेश तिवारी के मुताबिक, बिलासपुर के एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक और वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय अपनी कार (सीजी 10 बीएफ 9922) में सवार होकर गुरुवार की रात बालको में अपने परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी के मालिक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल सवार थे। चारों रात करीब 9.30 बजे बिलासपुर के ढेका से निकलकर उरगा पहुंचे थे। इस दौरान कोरबा शहर में प्रवेश करते समय वो रास्ता भटक गए थे। स्पीड में थी कार, निर्माणाधीन लेन में उतरी भारतमाला नेशनल हाईवे अभी निर्माणाधीन है। लिहाजा, उनकी तेज रफ्तार कार हाईवे के आखिर में खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। कार के ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। इस दौरान अनियंत्रित कार गड्ढे में गिरकर तीन बार पलटी मारते हुए सड़क से दूर जा गिरी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल के सिर और सीने में गंभीर चोट आई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे आ रहे दोस्तों ने पुलिस को इस हादसे की जानकारी दिए बिना ही घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया। शादी अटेंड कर बालको के लिए हुए थे रवाना जहां उनका इलाज जारी है। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शव को केजीएन अस्पताल में रखवा दिया है। बताया जा रहा है कि इस हादसे से महज 40 मिनट पहले चारों युवक बिलासपुर के छाबड़ा पैलेस में शादी समारोह में शामिल होने गए थे, जहां उन्होंने अन्य कांग्रेसी नेताओं से मुलाकात की। यहां पार्टी में शामिल होने के बाद वो बालको के लिए रवाना हुए थे। फिलहाल, पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की जांच पड़ताल में जुट गई है। दूसरी घटना रायपुर की, सरकारी वाहन से कुचला दूसरी घटना राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। छत्तीसगढ़ क्लब के सामने शुक्रवार सुबह स्कूल जा रहे EV स्कूटर भाई-बहन को सरकारी वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में भाई की मौके पर मौत हो गई। जबकि बहन गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के मुताबिक, हादसा सुबह 7.50 बजे सीएम हाउस के पास हुआ है। मृतक की पहचान अंश आठवानी (14) के रूप में हुई है। जो कि स्कूटर चला रहा था। हादसे के बाद ड्राइवर सरकारी वाहन छोड़कर फरार हो गया है। आरोपी ड्राइवर की तलाश में पुलिस इस हादसे में घायल नमिसा को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया है। मामले में सिविल लाइन एसीपी रमाकांत साहू ने बताया कि पुलिस वाहन तेज रफ्तार में था। उन्होंने कहा कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ……………………………………. हादसे से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें… ट्रेनिंग से लौट रहे कॉन्स्टेबल को कुचला, मौत: छत्तीसगढ़ में सड़क-हादसों में 4 ने गंवाई जान; कुत्ते को बचाने पलटी कार, व्यापारी ने तोड़ा दम छत्तीसगढ़ में अलग-अलग जिलों में हुए सड़क हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है। बालोद जिले में कुत्ते को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार कार पलट गई। हादसे में किराना व्यापारी की जान चली गई। जबकि टीचर पत्नी और 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। मामला डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र का है। पढ़ें पूरी खबर…
<
