![]()
राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान दुर्ग-भिलाई शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर थाना पुलिस एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात की गईं। अभियान के अंतर्गत शहर के 14 अलग-अलग स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 122 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीड, ट्रिपल सवारी, कागजातों की कमी सहित अन्य नियम उल्लंघनों पर सख्ती दिखाई। वहीं तेज गति से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, सड़क पर लहराकर स्टंट करने और नंबर प्लेट को रूमाल या टाई से ढंककर वाहन की पहचान छिपाने वाले दोपहिया वाहन चालकों पर पुलिस ने कठोर रुख अपनाया। ऐसे 13 स्टंटबाज दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनके वाहन जप्त किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार स्टंट करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। इनमें थाना मोहन नगर क्षेत्र से 6, भिलाई नगर से 5 तथा सुपेला और नेवई थाना क्षेत्र से 1-1 वाहन चालक शामिल हैं। सभी के वाहन मौके पर ही जप्त कर लिए गए। इसके अलावा चालानी कार्रवाई के आंकड़ों की बात करें तो यातायात पुलिस द्वारा 99, भिलाई नगर थाना से 10, चौकी नगपुरा (थाना पुलगांव) से 4, भिलाई भट्टी से 3, अमलेश्वर एवं नंदिनी नगर से 2-2, जबकि नेवई और छावनी थाना क्षेत्र से 1-1 वाहन चालक पर कार्रवाई की गई।
<
