![]()
कोंडागांव जिले में विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर कैंसर के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, शीघ्र पहचान को प्रोत्साहित करने और समय पर उपचार से जोड़ने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला स्तर से लेकर विकासखंड स्तर तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से आमजन को कैंसर से बचाव और जांच के प्रति प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के तहत महिलाओं में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर और पुरुषों में मुख कैंसर के लक्षण, कारण, रोकथाम एवं उपचार संबंधी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सामूहिक चर्चा, व्यक्तिगत परामर्श, ऑडियो-वीडियो माध्यम से प्रचार, स्कूलों में जागरूकता अभियान, स्लोगन लेखन एवं शपथ ग्रहण जैसे कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जिले के समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में तंबाकू से मुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित कैंसर जांच कराने का संकल्प भी दिलाया गया। यह कार्यक्रम ‘सम्पूर्णता अभियान 2.0’ के अंतर्गत आयोजित किया गया था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी ने इस अवसर पर कहा, “कैंसर कोई अंत नहीं, बल्कि एक चुनौती है। जन जागरूकता, समय पर जांच और सही इलाज से इसे हराया जा सकता है। कैंसर से डरने की नहीं, बल्कि मिलकर मुकाबला करने की आवश्यकता है।” उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि लक्षण दिखाई देने पर देरी न करें और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच अवश्य कराएं। जिले में कैंसर स्क्रीनिंग में रिकॉर्ड दर्ज किया गया। कुल 173 उप स्वास्थ्य केंद्रों और 22 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कैंसर स्क्रीनिंग की गई, जिसमें कुल 2227 लोगों की जांच हुई। एस्पिरेशनल ब्लॉक माकड़ी की 34 संस्थाओं में भी 443 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। यह जांच मुख, स्तन एवं ग्रीवा कैंसर पर केंद्रित थी।
<
