CG Weather: उत्तर छत्तीसगढ़ सहित पूरे प्रदेश में सर्दी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर शीतलहर की चेतावनी जारी है। वहीं र …और पढ़ें

HighLights
- एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना
- न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में
- दो दिन तापमान में डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी
नईदुनिया प्रतिनिधि, रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर लगातार बना हुआ है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में अगले दो दिनों तक एक-दो स्थानों पर शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, इसके बाद तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग में दिन गर्म
प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया, जो सामान्य से लगभग चार डिग्री कम रहा। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से कम रहा। राजधानी में सुबह और शाम के समय ठंड का असर ज्यादा महसूस किया गया।
जिलों में तापमान की स्थिति
बिलासपुर में अधिकतम तापमान 27.2 और न्यूनतम 12 डिग्री रहा। पेंड्रारोड में रात का पारा सात डिग्री तक गिर गया। अंबिकापुर में रातें बेहद सर्द रहीं, जबकि जगदलपुर, राजनांदगांव और दुर्ग में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया।
हवा शांत, नमी बनी हुई
प्रदेश में हवा की गति कम रही, जिससे ठंड का असर अधिक महसूस किया गया। रायपुर में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 71 प्रतिशत दर्ज की गई। बादलों की मौजूदगी मध्यम रही, हालांकि वर्षा कहीं दर्ज नहीं की गई।
यह भी पढ़ें- MP Weather Update: प्रदेश में हाड़ कंपा देने वाली ठंड, भोपाल सहित सात शहरों में शीतलहर, मंदसौर में पारा 2.5 डिग्री तक गिरा
मौसम रहेगा शुष्क, धुंध की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं रायपुर शहर में सोमवार को सुबह के समय धुंध छाए रहने के आसार हैं। राजधानी में अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
शीतलहर को लेकर चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के एक-दो हिस्सों में शीत लहर का असर बना रह सकता है। खासतौर पर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
<
